सूचना एवं पुस्तकालय नेटवर्क (इनफ्लिबनेट) केंद्र में
‘हिंदी पखवाड़ा 2026’ का सफल आयोजन और क्विज प्लेटफॉर्म – इंफीक्विज का लोकार्पण

गांधीनगर
राजभाषा हिंदी के कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक एवं उत्कृष्ट प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, गांधीनगर स्थित सूचना एवं पुस्तकालय नेटवर्क (इनफ्लिबनेट) केंद्र में ‘हिंदी पखवाड़ा 2026’ का भव्य आयोजन किया गया।
इस वर्ष हिंदी पखवाड़े की मुख्य विषयवस्तु (थीम) “भाषा की विरासत, AI की ताकत — आत्मनिर्भर युवा, विकसित भारत” रही। 14 से 28 सितंबर तक आयोजित इस पखवाड़े के दौरान केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का उपयोग करने में बढ़-चढ़कर भाग लिया। हिंदी के प्रति इस उत्साह एवं रुचि को निरंतर बनाए रखने और इसे और प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें काव्य-पाठ, सार-लेखन, हिंदी मीम (Meme) तथा हिंदी प्रश्नोत्तरी (Quiz) जैसी प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। इन सभी स्पर्धाओं में केंद्र के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
इस अवसर पर इनफ्लिबनेट केंद्र की निदेशक, प्रो. देविका पी. माड़ल्ली ने बताया कि कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए दो अलग-अलग श्रेणियों में प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, इस वर्ष एक विशेष पहल करते हुए “संपूर्ण पखवाड़ा — संपूर्ण कार्य हिंदी में” अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि पखवाड़े की पूरी अवधि के दौरान दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग हो और हिंदी केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित न रहकर कार्यसंस्कृति का स्वाभाविक हिस्सा बने।
इस अवसर पर ऑनलाइन क्विज़ प्लेटफॉर्म – इंफीक्विज़ का लोकार्पण भी निदेशक महोदया ने किया | निदेशक महोदया ने अपने संबोधन में कहा, “राजभाषा हिंदी के प्रति रुचि और सम्मान केवल किसी एक पखवाड़े तक सीमित नहीं होना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को हिंदी के प्रति सजग रहते हुए इसके दैनिक प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए। साथ ही, बदलते तकनीकी परिवेश में हिंदी को ज्ञान, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है।” हिंदी पखवाड़े के समापन अवसर पर केंद्र के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हिंदी के अध्ययन, निरंतर अभ्यास तथा कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रभावी एवं सुचारू प्रयोग के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए संकल्प लिया।



